Breaking News

कानन पेंडारी जू में नर शावक बाघ मितान की फेलाइन पेन ल्यूकोपेनिया वायरस से मौत
बिलासपुर। कानन पेंडारी जू में नर शावक बाघ मितान की फेलाइन पेन ल्यूकोपेनिया वायरस से मौत हो गई। वहीं, दो मादा शावक इसकी चपेट में हैं। उनकी जान खतरे में है। इसीलिए दोनों को आइसोलेट कर दिया गया है। इस घटना से जू प्रबंधन सकते में है। शावकों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सोमवार को बाघ मितान को दस्त हुआ था। इसके साथ कमजोर भी दिखाई दे रहा था। ऐसे में उसे दवा देने के साथ निगरानी में रखा गया। अगले दिन भी सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी की गई।
रात में चारों शावक व मां रंभा केज में सो रहे थे। बुधवार की सुबह केज में पहुंचे तो तीनों शावक व मां रंभा में हलचल थी, लेकिन नर शावक मितान में किसी तरह हलचल नहीं दिखा। तब तत्काल चिकित्सक व अन्य अधिकारियों को बताया। सभी आनन-फानन में जू पहुंचे। इस बीच जब शावक का परीक्षण किया गया, तो उसकी मौत हो चुकी थी। दो चिकित्सकों ने मृत नर शावक का पोस्टमार्टम किया। लंग, लीवर व इंटेस्टाइन में फेलाइन पेन ल्यूकोपेनिया पाया गया। यह खतरनाक वायरस है। इससे जू प्रबंधन सकते में आ गया।
इसके बाद जब अन्य तीन मादा शावकों की जांच की गई तो आनंदी व दिशा नाम की मादा शावक के शरीर का तापमान काफी अधिक था। इस पर दोनों को तत्काल अलग कर आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं, तीसरी शावक रश्मि स्वस्थ है। इसलिए उसे मां के साथ ही रखा गया है। वह अभी ठीक है।