National

नेशनल अवॉर्ड विनिंग लेजेंडरी सिंगर वाणी जयराम का निधन
मुंबई (एजेंसी)। म्यूजिक जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। नेशनल अवॉर्ड विनिंग लेजेंडरी सिंगर वाणी जयराम का निधन हो गया है। सिंगर ने 77 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह चेन्नई स्थित अपने घर में मृत पाई गई हैं। सिंगर की मौत कैसे हुई इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। उनके निधन की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है। हर तरफ शोक की लहर है।
वाणी जयराम ने हाल ही में एक प्रोफेशनल सिंगर के रूप में म्यूजिक इंडस्ट्री में 50 साल पूरे किए थे। वो अपने करियर में 10,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड कर चुकी थीं। गणतंत्र दिवस के ठीक एक दिन पहले 25 जनवरी को सरकार ने पद्म पुरस्कारों की अनाउंसमेंट की थी। सिंगर वाणी जयराम का नाम भी इस बार पद्म भूषण की लिस्ट में शुमार था। वाणी जयराम को आधुनिक भारत की मीरा भी कहा जाता था। उन्होंने संगीत जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था।
वाणी जयराम ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी, उर्दू, मराठी, बंगाली, भोजपुरी और उड़िया में कई गाने गाए थे। उन्हें तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात और ओडिशा से राज्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।