Sports

महिला प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस हारी

महिला प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस हारी

Date : 19-Mar-2023

मुंबई (एजेंसी)। महिला प्रीमियर लीग में शनिवार को रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस की हार हुई है। यूपी वॉरियर्स ने मुंबई को 5 विकेट से शिकस्त दी। लीग में मुंबई इंडियंस की यह पहली हार है। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 127 रन का स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी ने 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत दर्ज की।

12 गेंदों पर 13 रन

मैच आखिरी ओवरों में रोमांचक हो गया। यूपी को 12 गेंदों पर जीत के लिए 13 रन बनाने थे। तब सोफी एक्लस्टोन और दीप्ति शर्मा क्रीज पर थीं। हेली मैथ्यूज ने 19वें ओवर में गेंदबाजी की और 8 रन दिए। इसके बाद आखिरी ओवर में यूपी को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे। पहली 2 गेंदों पर इस्सी वोंग ने कोई रन नहीं दिया। तीसरी गेंद पर सोफी एक्लस्टोन ने छक्का जड़ यूपी की टीम को जीत दिलाई।

यूपी की 6 मैचों में तीसरी जीत है। 6 अंकों के साथ टीम तीसरे स्थान पर काबिज है। यूपी की टीम अब भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है। मुंबई 10 अंकों के साथ शीर्ष पर और दिल्ली कैपिटल्स 8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। 

यूपी और मुंबई दोनों को अब दो-दो मुकाबले खेलने हैं। यूपी की टीम 20 मार्च को गुजरात जाएंट्स और 21 मार्च को आखिरी लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। वहीं  मुंबई की टीम को 20 मार्च को दिल्ली से और 21 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से भिड़ना है।

बता दें कि मुंबई ने इस लीग में अब तक 6 मैच खेले हैं और 5 में उसे जीत मिली है। यह उनकी पहली हार रही। मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है।

Related Topics