भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का निधन, सीएम यादव ने जताया शोक
भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रहे प्रभात झा का शुक्रवार (26 जुलाई) को निधन हो गया। वह लंबे अरसे से बीमार चल रहे थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बिहार के मूल निवासी प्रभात झा ने दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के पार्टी प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं। उनके निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता आदरणीय श्री प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें। मध्य प्रदेश के विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका सदैव हमे प्रेरित करेगी। आपका निधन राजनैतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ॐ शांति!”
पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
प्रभात झा का अंतिम संस्कार बिहार में उनके पैतृक गांव में होगा। उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से आज शाम सीतामढ़ी ले जाया जाएगा।
इलाज के दौरान अस्पताल में कई नेता पहुंचे
67 वर्षीय प्रभात झा को एक महीने पहले दिल्ली में गहन उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ। मोहन यादव सहित बीजेपी के कई दिग्गज नेता उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे।
पत्रकारिता से राजनीति तक का सफर
प्रभात झा ने अपने करियर की शुरुआत ग्वालियर से एक पत्रकार के रूप में की थी और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। 2010 में वह पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बने। झा 2008 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में चुने गए और 2020 तक राज्यसभा में रहे। उन्होंने 2015 में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।
प्रभात झा के निधन से भारतीय जनता पार्टी और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका योगदान और उनकी सेवाएं हमेशा याद की जाएंगी।