छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के लिए ₹6 करोड़ की सौगात

राजनांदगांव। राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए यह एक अत्यंत खुशी का दिन है। राज्य सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, राजनांदगांव में महत्वपूर्ण सुधार कार्यों के लिए लगभग 6 करोड़ 4 लाख रुपये की राशि मंजूर की है। इस स्वीकृति में एस्ट्रोटर्फ (कृत्रिम घास) को बदलने, स्टेडियम भवन के निर्माण और सड़क निर्माण से संबंधित कार्य शामिल हैं।

यह महत्वपूर्ण निर्णय राजनांदगांव क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल परिदृश्य पर अधिक मजबूती से स्थापित करने में सहायता करेगा।

प्रशासनिक स्वीकृति के तहत, लगभग 5 करोड़ 95 लाख रुपये (गैर-एसओआर दर) के कार्यों को प्रारंभिक मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही, आवश्यक नियमों और वित्तीय प्रावधानों का पालन करते हुए कार्य शुरू करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। यह कदम न केवल खेल के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाएगा, बल्कि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और खेल के अवसर उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

इसके अतिरिक्त, पिछले महीने भी ‘खेलो इंडिया’ परियोजना के अंतर्गत राजनांदगांव में 9.50 करोड़ रुपये की कुल लागत से 08 लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली थी। इसमें केंद्र सरकार का हिस्सा 6.36 करोड़ रुपये और राज्य सरकार का हिस्सा 3 करोड़ रुपये होगा।

डॉ. रमन सिंह ने व्यक्त किया आभार

इस निर्णय के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनांदगांव के जनप्रतिनिधि के तौर पर, वह इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि यह मंजूरी हमारे युवाओं में खेल की भावना को प्रोत्साहित करने, उनके कौशल को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करने में सहायक होगी।

डॉ. सिंह ने आगे कहा कि राजनांदगांव हमेशा से प्रतिभाओं की भूमि रही है, और यह नई स्वीकृति हमारे खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगी। उन्होंने राजनांदगांव की जनता को विश्वास दिलाया कि वह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे हर जरूरी काम के लिए निरंतर प्रयासशील रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button