छत्तीसगढ़

गरियाबंद के जंगलों में तेंदुए का संदिग्ध शिकार, खाल और अंग गायब

गरियाबंद। चार दिन पहले पंडरीपानी के जिस इलाके में कुएं में गिरे तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था, उसी क्षेत्र के जंगल में अब तेंदुए का शव संदिग्ध हालत में मिला है। दो अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए के शरीर के अंग बिखरे हुए मिले हैं, जिनमें से खाल, पंजे और नाखून गायब हैं। इससे शिकार की आशंका और गहरी हो गई है।

वीडियो वायरल, ग्रामीणों ने नहीं दी सूचना

तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने तीन दिन पहले शव के वीडियो बनाए थे, लेकिन डर के चलते उन्होंने वन विभाग को सूचना नहीं दी। जब यह वीडियो मीडिया कर्मियों तक पहुंचा, तब जाकर वन अमला मौके पर पहुंचा और दोनों जगहों से शव के अवशेष एकत्रित किए।

एक तेंदुआ या दो – जांच जारी

डीएफओ लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शव एक ही तेंदुए का है या दो अलग-अलग तेंदुओं के हैं, इसका पता चिकित्सकीय जांच के बाद ही लगेगा। प्रारंभिक साक्ष्य शिकार की ओर इशारा कर रहे हैं, क्योंकि अंग गायब हैं। मामले को गंभीर मानते हुए पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद दोषियों की तलाश की जा रही है।

पहले से तेंदुओं की गतिविधि थी

छुरा परिक्षेत्र के पंडरीपानी इलाके में पिछले एक महीने से दो से तीन तेंदुओं की आमद-रफ्त देखी जा रही थी। बच्चों पर हमले और मुर्गी के शिकार जैसी घटनाओं के बाद वन विभाग सतर्क हुआ था। कुएं में गिरे तेंदुए के रेस्क्यू की घटना भी हाल ही में सामने आई थी। माना जा रहा है कि शिकारियों की नजर पहले से इन तेंदुओं पर थी और उन्हें मौका मिलते ही निशाना बना लिया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button