
कार्लोस अल्कारेज ने यूएस ओपन का खिताब जीता
वॉशिंगटन (एजेंसी)। रविवार को कार्लोस अल्कारेज ने यूएस ओपन के फाइनल में जैनिक सिनर को 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से हराया और खिताब अपने नाम कर लिया. यह लगातार तीसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल था, जिसमें ये दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आए. इस जीत के साथ अल्कारेज ने फ्लशिंग मीडोज में अपना दूसरा और कुल मिलाकर छठा ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया.
ट्रंप भी मैच देखने आए
फाइनल मैच के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी आर्थर ऐश स्टेडियम में स्पॉन्सर के सुइट में मौजूद थे. उनके आने पर दर्शकों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी—कुछ ने तालियाँ बजाईं, तो कुछ ने हूटिंग की. अमेरिकी राष्ट्रपति की कड़ी सुरक्षा के कारण मैच शुरू होने में करीब आधा घंटा देर हुई, क्योंकि हजारों दर्शक सुरक्षा जाँच की लंबी कतार में फँसे हुए थे.
मुकाबला रहा बेहद रोमांचक
इससे पहले, साल 2000 में बिल क्लिंटन यूएस ओपन में मौजूद रहे थे. इस बार बारिश के कारण बंद छत के नीचे खेला गया यह फाइनल शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा. अल्कारेज ने मौजूदा चैंपियन सिनर पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा. करीब दो महीने पहले विंबलडन में सिनर से मिली हार का बदला अल्कारेज ने इस जीत के साथ चुका लिया.
अल्कारेज बने नंबर-1
इस जीत के बाद अल्कारेज और सिनर के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 10-5 हो गया है. ग्रैंड स्लैम खिताबों की गिनती में भी अब अल्कारेज 6-4 से आगे हैं, जबकि यूएस ओपन फाइनल्स में उनका रिकॉर्ड 2-1 हो गया है. इस खिताबी जीत के साथ 22 वर्षीय अल्कारेज ने 24 वर्षीय सिनर से विश्व नंबर-1 की रैंकिंग भी छीन ली.
पुरुष टेनिस में अल्कारेज और सिनर का जलवा
पिछले आठ ग्रैंड स्लैम खिताब इन्हीं दोनों खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिससे पुरुष टेनिस में उनका दबदबा साफ नजर आता है. पिछले 13 ग्रैंड स्लैम में से 10 खिताब इन दोनों के नाम रहे, जबकि बाकी तीन नोवाक जोकोविच ने जीते.
यह फाइनल टेनिस के इतिहास में पहली बार हुआ, जब एक ही सीजन में लगातार तीन ग्रैंड स्लैम फाइनल में वही दो खिलाड़ी आमने-सामने आए हों.
















