मुख्यमंत्री साय ने रायपुर की पहली महिला विधायक स्वर्गीय रजनी ताई उपासने के निवास पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर में पहली महिला विधायक और समाजसेवी दिवंगत रजनी ताई उपासने को श्रद्धांजलि दी। वे रायपुर के पुलिस लाइन स्थित उनके निवास पहुँचे और परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, श्री संतोष शर्मा, श्री जगदीश उपासने और अन्य परिजन मौजूद थे।
रजनी ताई का योगदान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रजनी ताई का निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उनके योगदानों को याद करते हुए कहा कि आपातकाल के कठिन समय में उनका साहस और धैर्य बहुत प्रेरणादायक था। विधायक के रूप में उन्होंने जनता के हित और रायपुर के विकास को हमेशा सबसे ऊपर रखा। उनकी सादगी, ईमानदारी और समाज से जुड़ाव ने उन्हें एक विशेष पहचान दिलाई। वे जीवनभर महिलाओं और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए सक्रिय रहीं। श्री साय ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
रजनी ताई का राजनीतिक सफर
रायपुर की पहली महिला विधायक श्रीमती रजनी ताई उपासने का हाल ही में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर रायपुर की पहली महिला विधायक बनकर इतिहास रचा था। उस समय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी कम थी, ऐसे में जनता का भरोसा जीतना उनके मजबूत इरादों और संघर्ष को दर्शाता है।