पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रियाओं से युवाओं का भविष्य हुआ सुरक्षित : मुख्यमंत्री साय

प्रयोगशाला तकनीशियन पद पर 233 चयनितों को नियुक्ति पत्र
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रयोगशाला तकनीशियन के पद पर चयनित 233 अभ्यर्थियों को राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में नियुक्ति पत्र सौंपे।
सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता से सुरक्षित हुआ युवाओं का भविष्य
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में अपनाई गई पारदर्शी और विश्वसनीय भर्ती प्रक्रियाओं ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 20 महीनों की अवधि में विभिन्न सरकारी विभागों में 10 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को पुलिस विभाग, विद्युत विभाग, सहकारिता विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, आदिम जाति विकास विभाग तथा कई अन्य विभागों में दी गई नियुक्तियों की जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में उच्च शिक्षा विभाग में 700 सहायक प्राध्यापकों और स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मील का पत्थर
मुख्यमंत्री ने इस मौके को ऐतिहासिक और हर्ष का विषय बताया, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र पहली बार एक साथ वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने सभी नव नियुक्त प्रयोगशाला तकनीशियनों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनसे निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
नई औद्योगिक नीति से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन
श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने एक नई औद्योगिक नीति लागू की है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस नई नीति के तहत अब तक लगभग ₹7 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, और कई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का कार्य शुरू भी हो गया है। इन उद्योगों से राज्य की जनता को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से व्यापक लाभ मिलेगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने सराही भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले 20 महीनों में छत्तीसगढ़ के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। उन्होंने जोर दिया कि प्रत्येक विभाग की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरी की जा रही है।
मंत्री श्री वर्मा ने नवचयनित तकनीशियनों को बधाई देते हुए कहा कि वे निश्चित रूप से अपने महाविद्यालयों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देंगे। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों की भी सराहना करते हुए कहा कि मात्र तीन माह की अवधि में, बिना किसी विवाद के, तीन चरणों में संपूर्ण काउंसलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से पूरा करना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री श्री खुशवंत साहेब, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नव नियुक्त प्रयोगशाला तकनीशियन उपस्थित थे।
















