साउथ कैरोलिना में बार में हुई गोलीबारी में 4 की मौत और 20 घायल

वाशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका के साउथ कैरोलिना प्रांत में एक बार में गोलीबारी की दुखद घटना सामने आई है। इस हिंसक वारदात में चार लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि खबर है कि कम से कम 20 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार (12 अक्टूबर, 2025) की सुबह सेंट हेलेना द्वीप पर स्थित विलीज़ बार एंड ग्रिल में हुई। बताया जा रहा है कि जिस समय यह गोलीबारी हुई, उस वक्त बार में काफी लोग मौजूद थे।
ब्यूफोर्ट काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बयान जारी किया। बयान में बताया गया कि कई पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शी गोलियों से बचने के लिए आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और निजी संपत्तियों की ओर भागे। कार्यालय ने इस घटना को “सभी के लिए अत्यंत दुखद और पीड़ादायक” बताया। उन्होंने लोगों से जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की और प्रभावितों तथा उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गोलीबारी में चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायलों में से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। अभी तक मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। अमेरिकी सांसद नैन्सी मेस ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए ब्यूफोर्ट काउंटी में हुई इस “भयानक गोलीबारी” पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और इस हिंसा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।