उत्तर प्रदेश

मिर्ज़ापुर के चुनार स्टेशन पर ट्रेन हादसा, 6 तीर्थयात्रियों की दुखद मौत

मिर्ज़ापुर (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले में स्थित चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक भयानक रेल हादसा हो गया, जिसमें छह यात्रियों की मौत हो गई। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि शवों के अवशेष रेलवे पटरियों पर बिखर गए।

कैसे हुआ हादसा?

मिर्ज़ापुर के जीआरपी इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि यात्री एक ट्रेन से उतरे थे और जब वे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी दूसरी दिशा से आ रही एक तेज रफ़्तार ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चुनार जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन से कालका मेल तेज़ी से गुज़र रही थी। यात्री गलत दिशा में ट्रैक पार कर रहे थे और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना दर्दनाक था कि यात्रियों के शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए।

गंगा स्नान करके लौट रहे थे श्रद्धालु

बताया जा रहा है कि सभी मृतक गंगा स्नान करने के बाद अपने गंतव्य, दक्षिणांचल, की ओर लौट रहे थे।

प्रशासनिक कार्रवाई और मुख्यमंत्री का संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी राहत कार्य में तेज़ी लाने को कहा है। सीएम योगी ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

ट्रैक पार करने के दौरान हुआ हादसा

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ये यात्री सुबह सोनभद्र की ओर से आने वाली प्रयागराज-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन से चुनार स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पहुँचे थे। उन्हें वाराणसी जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी जिसके लिए वे रेलवे ट्रैक पार करके दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ़्तार ट्रेन आ गई। श्रद्धालु जब तक खुद को संभाल पाते और किनारे होते, तब तक वे ट्रेन की चपेट में आ चुके थे, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद चुनार स्टेशन पर चीख-पुकार मच गई। आरपीएफ और जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button