डिप्टी सीएम शर्मा के प्रयासों से कबीरधाम मेडिकल कॉलेज के लिए 60 पद स्वीकृत

विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से सुदृढ़ होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रबल हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप, राज्य शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने नवीन कबीरधाम मेडिकल कॉलेज के लिए 60 शैक्षणिक और कार्यालयीन पदों को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय कबीरधाम जिले के लिए एक ऐतिहासिक सफलता है, जिससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यह कॉलेज न केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के चिकित्सा मानचित्र पर कबीरधाम को एक विशिष्ट पहचान भी प्रदान करेगा।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन स्वीकृत पदों का विवरण इस प्रकार है:
डीन: 01 पद
प्राध्यापक (प्रोफेसर): 07 पद
सह प्राध्यापक (एसोसिएट प्रोफेसर): 08 पद
सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर): 10 पद
सीनियर रेसिडेंट: 05 पद
जूनियर रेसिडेंट: 05 पद
प्रशासकीय अधिकारी: 01 पद
लाइब्रेरियन: 01 पद
कार्यालय अधीक्षक: 01 पद
सहायक कार्यालय अधीक्षक: 01 पद
मेडिको सोशल वर्कर: 03 पद
स्टेनोग्राफर ग्रेड-3: 01 पद
टेक्नीशियन: 10 पद
सहायक ग्रेड-2: 01 पद
सहायक ग्रेड-3: 02 पद
डिसेक्शन हॉल अटेंडेंट: 01 पद
भृत्य (प्यून): 02 पद
जिले में ही उपलब्ध होंगी उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएँ
जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों ने उपमुख्यमंत्री शर्मा के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज कबीरधाम के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह केवल एक प्रशासनिक घोषणा नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त और शिक्षित भविष्य की नींव है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिलेवासियों का एक लंबा सपना था, जो अब साकार होने की ओर निर्णायक कदम उठा चुका है। यह कॉलेज स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में एक नए युग का सूत्रपात करेगा।
कवर्धा विधायक और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के अथक एवं समर्पित प्रयासों से 60 शैक्षणिक और कार्यालयीन पदों की स्वीकृति मिलने के बाद, अब कबीरधाम में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ, आधुनिक प्रयोगशालाएँ, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण और शोध की सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। इससे अब गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद कबीरधाम जिले में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। सभी वर्गों के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री शर्मा का गहरा आभार प्रकट किया है।
















