
शर्मनाक हार के बाद ऋषभ पंत ने मांगी माफ़ी, कहा ‘हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा’
स्पोर्ट न्युज (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट टीम को गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 408 रनों के एक बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही, ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से गंवा दी. पहले टेस्ट में भी भारत को मेहमान टीम ने बुरी तरह से हराया था.
शुभमन गिल के चोटिल होने के कारण ऋषभ पंत को दूसरे टेस्ट में टीम की कमान संभालने का मौका मिला था. हालाँकि, इस मैच में पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी बेहद निराशाजनक रहा. उनकी दोनों पारियों का कुल स्कोर मात्र 20 रन ही था.
इस शर्मनाक हार के बाद अब पंत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के ज़रिए क्रिकेट फैंस से माफ़ी मांगी है.
ऋषभ पंत ने स्वीकार किया कि टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा. उन्होंने लिखा, “इसमें कोई शक नहीं कि पिछले दो हफ़्तों में हमने अच्छा क्रिकेट नहीं खेला. एक टीम और एक खिलाड़ी के तौर पर, हम हमेशा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं और करोड़ों भारतीय प्रशंसकों के चेहरे पर ख़ुशी लाना चाहते हैं.”
पंत ने आगे कहा, “हमें खेद है कि हम इस बार आपकी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए, लेकिन खेल आपको लगातार सिखाता है, बदलते हालात में ढलना सिखाता है और आगे बढ़ना सिखाता है. यह बात टीम और व्यक्तिगत दोनों पर लागू होती है. भारत का प्रतिनिधित्व करना हमारे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है.”
उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “हम जानते हैं कि यह टीम क्या कर सकती है और हम एक टीम के रूप में और हर खिलाड़ी के रूप में मज़बूत और बेहतर वापसी करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे, फिर से एकजुट होंगे, फिर से लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करेंगे और एक नई शुरुआत करेंगे. आपके अटूट समर्थन और प्यार के लिए धन्यवाद!”
















