
दो साल बाद वनडे टीम में वापसी : ऋतुराज गायकवाड़ ने मौके को भुनाया, जड़ा शानदार शतक!
रायपुर। मौके को सफलता में बदलना… यानी सही समय पर मिले अवसर का पूरा फायदा उठाना। बुधवार (3 दिसंबर) को रायपुर में ऋतुराज गायकवाड़ ने इस कहावत को सच कर दिखाया। उन्होंने सिर्फ मौके पर चौका नहीं, बल्कि पूरा शतक ही जड़ दिया।
दो साल के अंतराल के बाद वनडे टीम (ODI team) में वापसी कर रहे ऋतुराज गायकवाड़ ने महज 77 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक (First century in ODI) है। इस पारी के साथ ही गायकवाड़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरा सबसे तेज वनडे शतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन पर हेड कोच गौतम गंभीर का उत्साह देखने लायक था।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड
साउथ अफ्रीकी टीम के विरुद्ध सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड युसुफ पठान के नाम है, जिन्होंने 2011 में सेंचुरियन में सिर्फ 68 गेंदों पर सेंचुरी बनाई थी।
रायपुर वनडे में विराट कोहली (102) और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच 195 रनों की बड़ी साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने 358/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
हालांकि, साउथ अफ्रीका ने एडन मार्करम के शतक (102), मैथ्यू ब्रीट्जके (68), डेवाल्ड ब्रेविस (54) और टेम्बा बावुमा (48) की उपयोगी पारियों की मदद से इस स्कोर को 4 गेंद शेष रहते 4 विकेट से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का निर्णायक मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।
पंत और श्रेयस के लिए बढ़ा संघर्ष
जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए टीम की घोषणा हुई थी, तब यह सवाल था कि ऋतुराज गायकवाड़ को किस बल्लेबाजी क्रम पर मौका मिलेगा। रांची में गायकवाड़ चौथे नंबर पर कुछ खास नहीं कर पाए थे और 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। लेकिन रायपुर में उन्होंने इसी नंबर पर खेलते हुए 83 गेंदों पर 105 रनों की शानदार पारी खेली।
नंबर 4 की इस पोजीशन पर लंबे समय से श्रेयस अय्यर भारतीय वनडे टीम का हिस्सा रहे हैं। वहीं, ऋषभ पंत भी इस स्थान के लिए एक मजबूत दावेदार थे, लेकिन अब पंत के लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। विशाखापत्तनम में होने वाले निर्णायक मुकाबले में गायकवाड़ का खेलना अब लगभग तय है। अगर भारत रायपुर का मैच जीत जाता और सीरीज में 2-0 की बढ़त ले लेता, तो शायद पंत को मौका मिल सकता था। गायकवाड़ अगर विशाखापत्तनम में भी शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो श्रेयस अय्यर के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
स आंकड़े के अनुसार, नंबर 4 की पोजीशन पर श्रेयस अय्यर भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन गायकवाड़ ने सिर्फ दो पारियों में ही 113 रन बनाकर अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।
















