मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त को पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की पुण्यतिथि (12 दिसंबर) पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुप्त जी ने न केवल खड़ी बोली को काव्य की गरिमा दी, बल्कि उसे राष्ट्रीय चेतना का एक शक्तिशाली माध्यम भी बनाया। स्वतंत्रता संग्राम के चुनौतीपूर्ण दौर में, मैथिलीशरण गुप्त जी की ओजस्वी रचनाओं ने देशभक्ति, आत्म-सम्मान और सामाजिक जागरूकता की ऐसी ज्वाला जगाई, जिसने जन-जन को एकजुट किया।
उनकी अमर कृति ‘भारत-भारती’ के साथ-साथ उनकी अनेक काव्य रचनाएँ आज भी राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ाने में अमूल्य योगदान देती हैं। उनकी इन्हीं अद्वितीय सेवाओं के लिए उन्हें आदरपूर्वक ‘राष्ट्रकवि’ की उपाधि से सम्मानित किया गया था।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि गुप्त जी का साहित्य भारतीय समाज के मूल्यों, भावनाओं और राष्ट्रीय आदर्शों का एक जीवंत दस्तावेज़ है। उनकी कृतियाँ आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन देती रहेंगी।
















