परीक्षा पे चर्चा 2026 : छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के मुरीद हुए पीएम मोदी, छात्रों से जाने ‘ठेठरी-खुरमी’ के राज

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के जरिए देशभर के छात्रों का उत्साह बढ़ाया। बोर्ड परीक्षाओं के तनाव को कम करने के लिए पीएम ने न केवल सफलता के मंत्र साझा किए, बल्कि बच्चों के साथ हल्के-फुल्के पल भी बिताए। इस बार चर्चा का आकर्षण छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पकवान रहे, जिनका स्वाद चखने के बाद प्रधानमंत्री खुद को उनकी रेसिपी पूछने से नहीं रोक पाए।
‘जय जोहार’ के साथ आत्मीय संवाद
रायपुर में आयोजित इस संवाद की शुरुआत पीएम मोदी ने स्थानीय संबोधन ‘जय जोहार’ के साथ की, जिससे कार्यक्रम में अपनेपन की मिठास घुल गई। इस दौरान छात्रों ने प्रधानमंत्री की थकान मिटाने के लिए अपने टिफिन से खास स्नैक्स पेश किए।
जब टिफिन से निकला छत्तीसगढ़ का स्वाद
बातचीत के दौरान एक छात्र ने प्रधानमंत्री को बड़े चाव से ‘ठेठरी’ खिलाई। घर के बने इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद पीएम को इतना पसंद आया कि उन्होंने कौतूहलवश उसकी विधि पूछ ली।
क्या है ठेठरी? छात्र ने बताया कि यह बेसन से बना एक नमकीन व्यंजन है, जिसे विशेष आकार देकर तला जाता है।
सांस्कृतिक महत्व: यह मुख्य रूप से दीपावली और तीजा-पोरा जैसे त्योहारों पर छत्तीसगढ़ के हर घर में बनाया जाता है।
तनाव मुक्त परीक्षा का मंत्र
स्वाद और चर्चा के इस संगम के बीच पीएम मोदी ने छात्रों को ‘मेंटल बूस्टर’ देते हुए समझाया कि परीक्षाओं को उत्सव की तरह लेना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों को भी सलाह दी कि वे बच्चों पर दबाव बनाने के बजाय उन्हें सहज माहौल प्रदान करें।
















