कुदरगढ़ी धाम : मुख्यमंत्री साय ने नवरात्रि पर की प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना

रायपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व की तृतीया तिथि पर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध कुदरगढ़ी माता मंदिर में जाकर दर्शन किए। यहाँ उन्होंने ‘कुदरगढ़ महोत्सव’ का उद्घाटन किया और मंदिर परिसर में हिंगुलाज माता व झगरा खाड़ देवता की विधि-विधान से पूजा की। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के निवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की।
पूजा के दौरान, मुख्यमंत्री ने माता को चुनरी अर्पित की और पारंपरिक ढंग से चंदन का तिलक लगाकर श्रद्धा व्यक्त की। यह अनुष्ठान स्थानीय बैगा श्री राम कुमार बंछोर द्वारा संपन्न कराया गया, जिनका परिवार कई पीढ़ियों से माता की सेवा में समर्पित है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वहां आए भक्तों का उत्साहवर्धन किया और सभी को कुदरगढ़ महोत्सव की बधाई दी। इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैंकरा और अन्य प्रमुख जनप्रतिनधि व अधिकारीगण विशेष रूप से उपस्थित थे।
मंदिर की मान्यता:
कुदरगढ़ी माता मंदिर को लेकर क्षेत्र में गहरी आस्था है। लोक मान्यताओं के अनुसार, जो भी भक्त सच्चे मन और श्रद्धा के साथ यहां मन्नत मांगते हैं, उनकी मनोकामनाएं माता अवश्य पूरी करती हैं। इसी चमत्कारिक विश्वास के कारण, न केवल सूरजपुर जिले के लोग, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों से भी भक्त बड़ी संख्या में यहां माता का आशीर्वाद लेने आते हैं।
















