विख्यात बांस वादक विक्रम यादव के इलाज के लिए आगे आई सरकार, सीएम साय बोले— “वे छत्तीसगढ़ का गौरव हैं”

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले प्रसिद्ध लोक कलाकार व बांस वादक श्री विक्रम यादव इन दिनों गंभीर रूप से बीमार हैं और राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है। मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके सर्वोत्तम इलाज के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजनांदगांव के कलेक्टर और मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ डॉक्टरों से बात कर इलाज की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि विक्रम यादव के इलाज में किसी तरह की लापरवाही या कमी न हो और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह व अन्य व्यवस्थाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
मंत्री ने परिजनों से की बात, दिया हर संभव मदद का भरोसा
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पीड़ित कलाकार के परिवारजनों से फोन पर चर्चा कर उनका ढांढस बंधाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है और इलाज का पूरा खर्च व आवश्यक मदद शासन द्वारा उठाई जाएगी।
“कलाकारों का संरक्षण हमारी नैतिक जिम्मेदारी” — मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री विक्रम यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा:
“विक्रम यादव जी ने अपनी अद्भुत बांसुरी वादन कला से भारतीय लोक संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है। वे छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं। ऐसे महान कलाकारों का सम्मान, कल्याण और विपत्ति के समय उनकी देखभाल करना हमारी सरकार का नैतिक कर्तव्य है।”
















