शिक्षक भर्ती और एसआई मुख्य परीक्षा की तिथियों का टकराव टला : सीएम साय के निर्देश पर CGPSC ने बदला परीक्षा शेड्यूल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस विभाग के सूबेदार/उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तिथियां एक साथ आने से उत्पन्न दुविधा को समाप्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हस्तक्षेप के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मुख्य परीक्षा की नई तिथियां घोषित कर दी हैं।
इससे पहले आयोग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित होनी थी। इसी दौरान 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा तय होने की वजह से कई अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने का खतरा मंडरा रहा था। उम्मीदवारों की इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रशासनिक स्तर पर बदलाव के निर्देश दिए।
नया परीक्षा कार्यक्रम
संशोधित तिथि के तहत अब सूबेदार/उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा का आयोजन 02, 03 और 04 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सालों तक कड़ी मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को तिथियों के टकराव के कारण किसी भी अवसर को छोड़ना न पड़े, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित समाधान किया गया है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने चिन्हांकित अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए अलग से ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की सलाह दी है। विस्तृत दिशा-निर्देशों और अपडेट्स के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहने का परामर्श दिया गया है।
















