रायपुर में 20 लाख के MDMA के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसते हुए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गंज थाना क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजस्थान निवासी 22 वर्षीय रामनिवास माचरा को गिरफ्तार कर उसके पास से 106.19 ग्राम प्रतिबंधित एमडीएमए (MDMA) और एक आईफोन बरामद किया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
खुफिया इनपुट पर घेराबंदी कर धराया
पुलिस को 9 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि तेलघानी नाका ओवरब्रिज के पास बिजली दफ्तर के करीब एक संदिग्ध व्यक्ति नशीले पदार्थ की बिक्री के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने हुलिए के आधार पर आरोपी को चारों तरफ से घेरकर हिरासत में ले लिया।
बैग से बरामद हुआ नशीला पदार्थ
हिरासत में लिए गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम रामनिवास माचरा, निवासी फलोदी (राजस्थान) बताया। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग की सघन तलाशी ली, तो उसमें से उच्च गुणवत्ता का MDMA प्राप्त हुआ। मामले में गंज थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 22(ग) के तहत मामला (अपराध क्रमांक 243/26) दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने अन्य सहयोगियों के इशारे पर रायपुर में एमडीएमए की यह खेप पहुंचाने आया था। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह माल कहां से लाया गया था और रायपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट में शामिल अन्य चेहरों की पहचान की जा रही है।
नशे के खिलाफ अभियान में अब तक 163 गिरफ्तारियां
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत अब तक एनडीपीएस एक्ट के 73 मामलों में 163 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 5.47 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य संपत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस द्वारा अब तक जब्त की गई सामग्रियों का ब्योरा:
मादक पदार्थ: 588.97 किग्रा गांजा, 27,875 प्रतिबंधित गोलियां, 173 ग्राम एमडीएमए, 20.74 ग्राम हेरोइन, 4.55 ग्राम कोकीन, 71 ग्राम अफीम और 251 नशीली सिरप की बोतलें।
अन्य जब्तियां: ₹13.55 लाख नकद, 8 कारें, 11 दोपहिया वाहन और 81 मोबाइल फोन।
















