प्रधानमंत्री आवास योजना से दूरपति के जीवन में आई सुरक्षा और सम्मान की नई रोशनी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सुरक्षित और पक्का मकान मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)’ के ज़रिए राज्य के ज़रूरतमंद परिवारों को न केवल छत मिल रही है, बल्कि उनका जीवन अधिक सुरक्षित और गरिमापूर्ण बन रहा है।
रायगढ़ ज़िले के तमनार विकासखंड स्थित ग्राम महलोई की रहने वाली दूरपति राठिया इस बदलाव का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। पति के निधन के बाद मेहनत-मजदूरी से जीवनयापन करने वाली दूरपति के लिए सीमित आय में पक्का घर बनाना असंभव सा था।
वर्षों तक वे कच्चे मिट्टी के मकान में रहने को मजबूर थीं। मानसून के दिनों में छत से पानी रिसने, दीवारों के ढहने के जोखिम और विषैले जीव-जंतुओं के प्रवेश के डर से उनकी रातें चिंता में बीतती थीं। ऐसे में एक पक्के आशियाने की उम्मीद धुंधली नज़र आती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जब उनके नाम से आवास स्वीकृत हुआ और वित्तीय सहायता मिली, तो उनके वर्षों पुराने सपने ने आकार लिया।
बारिश के डर से मुक्ति और बढ़ता आत्मविश्वास
आज दूरपति अपने नए और पक्के घर में निश्चिंत होकर रह रही हैं। अब उन्हें न तो बारिश में पानी टपकने का डर सताता है और न ही मौसम की मार का। इस पक्के आशियाने ने उनके मन से भय को दूर कर उन्हें नई आत्मनिर्भरता और सुकून दिया है।
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए दूरपति ने सरकार और प्रशासन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पक्की छत मिलने से उनकी वर्षों पुरानी चिंता खत्म हो गई है और अब वे पूरी तरह सुरक्षित महसूस करती हैं।
राज्य में दूरपति जैसे अनेक ज़रूरतमंद परिवार इस योजना के माध्यम से अपने सपनों का घर पा रहे हैं।
















