छत्तीसगढ़

ड्रॉइंग और रंगोली के जरिए छात्रों ने उकेरी ‘विकसित भारत’ की झलक, मंत्री गजेंद्र यादव ने बढ़ाया हौसला

रायपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पाटन स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला (ड्रॉइंग) और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा व दूरदर्शी सोच का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान स्कूल परिसर बच्चों के हुनर से सराबोर दिखा। विद्यार्थियों ने चित्रों और रंगोली के माध्यम से देश के विकास, आत्मनिर्भरता, शिक्षा प्रणाली, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी सुंदर कल्पनाएं पेश कीं।

इस दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बच्चों ने रंगों के जरिए एक समृद्ध और विकसित भारत की खूबसूरत तस्वीर पेश की है। इन कलाकृतियों में केवल चित्र ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य को लेकर युवाओं के सपने और सोच भी झलकती है।

मंत्री यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने में युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ बच्चों को खेल, कला, विज्ञान और अन्य गतिविधियों में भी अपनी रुचि बढ़ाने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और उसे सही दिशा देना ही शिक्षकों का मुख्य दायित्व है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button