भिलाई सेक्टर-10 : गणेश पंडाल में अवैध पार्किंग शुल्क पर चला निगम का डंडा, रसीद कट्टे जब्त

भिलाई। सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल के पास श्रद्धालुओं से अवैध रूप से गाड़ियों का पार्किंग शुल्क वसूले जाने पर नगर निगम ने कड़ा एक्शन लिया है। निगम आयुक्त सुरुचि सिंह और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर पहुंची टीम ने मौके से 5 पार्किंग रसीद कट्टे जब्त कर वसूली रुकवा दी।
संध्या समय हुए इस औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ‘सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति’ द्वारा स्वास्तिक सायकल स्टैंड के बैनर तले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के स्वामियों से 10, 20 और 30 रुपये वसूले जा रहे थे। दूसरी ओर, वहीं स्थित ‘शिवमानस गणेशोत्सव समिति’ द्वारा किसी प्रकार की शुल्क वसूली नहीं पाई गई।
कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने समिति के पदाधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि अवैध वसूली तुरंत बंद की जाए, अन्यथा भविष्य में उनके खिलाफ कानूनी मामला दर्ज किया जाएगा।
जोन-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम और भिलाई नगर पुलिस की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद निगम प्रशासन ने सभी गणेशोत्सव समितियों से नियमों का पालन करने और श्रद्धालुओं से किसी भी तरह का अनाधिकृत शुल्क न लेने की अपील की है।
















