चिरमिरी जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात : 8 करोड़ की अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का हुआ उद्घाटन, स्थानीय स्तर पर ही हो सकेंगी गंभीर जांचें

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर चिरमिरी स्थित जिला अस्पताल में 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सीटी स्कैन सुविधा का औपचारिक उद्घाटन किया। इस आधुनिक तकनीक के चालू होने से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार देखने को मिलेगा।
मरीजों को बाहर जाने से मिलेगी मुक्ति
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस अत्याधुनिक सुविधा के प्रारंभ होने से अब आपातकालीन व गंभीर स्थिति में मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए दूसरे शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और न ही निजी केंद्रों के महंगे खर्च उठाने होंगे। स्थानीय स्तर पर ही त्वरित रिपोर्ट उपलब्ध होने से चिकित्सकों को सही समय पर इलाज शुरू करने में आसानी होगी, जिससे मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेगा।
अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का हाल-चाल
जायसवाल ने अपना जन्मदिन सादगी के साथ अस्पताल में मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों के बीच मनाया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का दौरा कर भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम पूछा और उन्हें फल वितरित किए। साथ ही डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से चर्चा कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कोयलांचल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि चिरमिरी ने दशकों तक कोयला उत्पादन के जरिए देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस नई सीटी स्कैन सेवा का लाभ एमसीबी जिले के अलावा पास के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी प्राप्त होगा।
















