सरिया अस्पताल : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने निर्माण कार्य का लिया जायजा, समय पर काम पूरा करने की हिदायत

रायपुर। रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया में बन रहे 100 बिस्तरों वाले नए अस्पताल का वित्त मंत्री और स्थानीय विधायक ओ.पी. चौधरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन भवन के अलग-अलग हिस्सों का मुआयना कर चल रहे काम की प्रगति और उसकी गुणवत्ता का बारीक जायजा लिया।
वित्त मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए कि काम में गुणवत्ता के मानकों से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
श्री चौधरी ने बताया कि यह 100 बेड का अस्पताल क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके चालू होने से सरिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज मिल सकेगा, जिससे उन्हें बड़ी बीमारियों या आपातकालीन स्थिति में दूर दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने मरीजों की सहूलियत के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समय रहते आपसी समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
















