सिंगापुर दौरा समाप्त कर रायपुर लौटे मुख्यमंत्री साय, मिले 43,600 करोड़ रुपये के बड़े निवेश प्रस्ताव

रायपुर। सिंगापुर की अपनी तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर लौट आए हैं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक स्वागत किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनकी अगवानी की। मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने दौरे को पूरी तरह सफल बताया और कहा कि इससे राज्य में औद्योगिकीकरण और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
यात्रा के दौरान ‘इंडिया ग्रोथ फोरम 2026’ में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का खाका खींचा। इस मंच पर विभिन्न वैश्विक कंपनियों ने राज्य में कुल 43,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
प्रमुख निवेश प्रस्ताव और क्षेत्र
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल: यह सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव है, जिसके तहत कंपनी द्वारा 41,750 करोड़ रुपये का निवेश किया जाना तय हुआ है।
सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी: इस कंपनी ने सोलर सेक्टर, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के निर्माण के लिए 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की पेशकश की है।
एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल: इस कृषि-व्यवसाय समूह ने लगभग 350 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव दिया है।
इसके अलावा, आईटी एजुकेशन सर्विसेज के साथ भी एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) हुआ है। मुख्यमंत्री ने वहां के आईटी परिसर का दौरा कर विश्व स्तरीय कौशल विकास मॉडल का मुआयना किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार केवल कागजी एमओयू पर भरोसा नहीं कर रही है, बल्कि प्रत्येक प्रस्ताव की पूरी छानबीन की जा रही है ताकि ये परियोजनाएं जल्द से जल्द जमीन पर उतर सकें।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल पर ‘सेवा ज्योति’ अभियान
दौरे के अनुभवों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को प्रधानमंत्री ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था।
इस गौरवशाली अवसर पर देश भर में 13 विभिन्न सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम भी शामिल है। इसके तहत सभी जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री के संबोधन को प्रसारित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को जनता द्वारा जलाए गए दीपों की तरह ही, प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सेवा भाव को आगे भी पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाया जाएगा।
















