छत्तीसगढ़

सड़क पर मवेशी देख भड़के डिप्टी सीएम विजय शर्मा : अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार, दिए सख्त निर्देश

रायपुर। कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर लापरवाही और सुरक्षा में चूक का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां सड़क के बीचों-बीच बैठे आवारा पशुओं को देखकर उप मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक विजय शर्मा का गुस्सा फूट पड़ा। कवर्धा प्रवास के दौरान मंगलवार देर रात उन्होंने बेमेतरा टोल प्लाजा के पास अपना काफिला रुकवाकर सीधे तौर पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मौके से ही अधिकारियों को फोन लगाकर श्री शर्मा ने हाइवे पेट्रोलिंग और सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में तय हुए दिशा-निर्देशों की ज़मीनी हकीकत टटोली। अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी का दावा किए जाने पर उन्होंने पेट्रोलिंग वाहन को तत्काल घटनास्थल पर तलब कर लिया। इसके बाद उन्होंने अब तक हुए पशु रेस्क्यू अभियानों और दैनिक निरीक्षण की रिपोर्ट तलब की। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि मार्ग में पड़ने वाले स्थानीय ग्रामीणों के जरिए पेट्रोलिंग टीमों की गतिविधियों पर नज़र रखी जाए।

सड़क पर बैठे गोवंश और मवेशियों की मौजूदगी पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि हाइवे पर नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए ताकि सड़क पर भटक रहे पशुओं को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा सके।

डिप्टी सीएम ने हादसों की आशंका पर चिंता जताते हुए कहा कि खुले हाइवे पर मवेशियों के बैठने से न केवल बेजुबान गौवंश की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि रात के वक्त कम विजिबिलिटी के कारण यात्रियों और वाहन चालकों की जान पर भी बड़ा जोखिम मंडराता रहता है। उन्होंने हिदायत दी कि सुरक्षा और गोवंश संरक्षण से जुड़े कार्यों में कोताही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button