वन मंत्री केदार कश्यप ने खुद कराया बस्तर ओलंपिक 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन, इस बार दोगुने भागीदारी का है लक्ष्य

रायपुर। बस्तर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शुरू हुए ‘बस्तर ओलंपिक 2026’ को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर के धरमपुरा खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में खुद आगे आकर अपना पंजीयन कराया और आयोजन के शुभंकर के साथ फोटो भी खिंचवाई।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कश्यप ने क्षेत्रीय युवाओं, महिलाओं और खेल प्रेमियों से इस महाकुंभ में भारी संख्या में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने साझा किया कि पिछले साल यानी 2025 में इस आयोजन में करीब 3.91 लाख खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, जिसे इस बार दोगुना करने का बड़ा लक्ष्य तय किया गया है।
सुदूर इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को नेशनल और इंटरनेशनल स्तर का मंच देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ें। इस अवसर पर चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
















