गरबा रील शूट पर पुलिस का सख्त एक्शन, पिस्टल और सिगरेट के साथ 5 युवतियों समेत 9 गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि से पहले रास गरबा कार्यक्रम के प्रचार के लिए बनाई गई एक विवादित रील पुलिस के लिए जांच का बड़ा विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ युवतियां गरबा पोशाक में खुलेआम सिगरेट पीती और पिस्टलनुमा हथियार लहराती नजर आ रही हैं। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 युवतियों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो शहर की एक जानी-मानी मेकअप आर्टिस्ट शिफा मैथ्यूज के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया था। ‘बेगम बगैर बादशाह किस काम का’ और ‘टैग योर गुंडी गर्ल्स गैंग’ जैसे कैप्शन के साथ बनाए गए इस वीडियो का उद्देश्य आने वाले गरबा आयोजनों के लिए पास का प्रचार करना था।
शूटिंग के दौरान युवतियों ने हाईवे पर हुड़दंग मचाया, जिससे रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर यातायात भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। हालांकि वीडियो के साथ दिए गए डिस्क्लेमर में हथियार को खिलौना और स्मोकिंग को हानिकारक बताया गया था, लेकिन इसके बावजूद वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और विभिन्न हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया।
पुलिस और संगठनों की कार्रवाई
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस मामले में कड़ा विरोध जताते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और वीडियो में शामिल सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन पुलिस ने तुरंत सभी आरोपियों को थाने तलब किया। एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने जानकारी दी कि सार्वजनिक मार्ग पर ट्रैफिक बाधित करने, गरबा और सनातन संस्कृति की आड़ में धार्मिक भावनाओं को आहत करने तथा कानून व्यवस्था के उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज कर कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
















