छत्तीसगढ़ शासन की प्रशासनिक समीक्षा : सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

रायपुर। राज्य में शासन की योजनाओं और जनहित से जुड़ी शिकायतों के प्रभावी समाधान को लेकर मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्चाधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज, योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक कसावट पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की मॉनिटरिंग: अब तक प्राप्त लगभग दो लाख शिकायतों को लेकर मुख्य सचिव ने सख्त निर्देश दिए हैं कि मामलों का निस्तारण औपचारिकता न बने। समस्याओं की गहराई तक जाकर आवश्यकतानुसार भौतिक सत्यापन कराया जाए और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित हो।
धान खरीदी और जल जीवन मिशन: आगामी सत्र के लिए धान खरीदी नीति को समयबद्ध रूप से तैयार करने तथा जल जीवन मिशन के बचे हुएकार्यों व लक्ष्यों को जल्द पूरा करने की बात कही गई।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और आधारभूत परियोजनाएं: डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को बिना किसी अनावश्यक विलंब के गति देने के निर्देश दिए गए। साथ ही पारस पोर्टल के एजेंडा बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
भर्ती प्रक्रिया और प्रस्ताव: कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली आगामी भर्तियों के लिए सभी विभागों को समय पर अपनी रिक्तियों और प्रस्तावों का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर भेजने को कहा गया।
नवा रायपुर बॉटनिकल गार्डन का विकास: नवा रायपुर क्षेत्र में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन को आधुनिक तकनीकों, उत्कृष्ट लैंडस्केपिंग और पर्यावरण संरक्षण के मानकों के अनुरूप विकसित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसके साथ ही जंगल सफारी के प्रबंधन और पर्यटक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
















