कवर्धा में महाअष्टमी की धूम : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रसिद्ध मंदिरों में टेका माथा, खप्पर यात्रा में शामिल होकर गाए जसगीत

रायपुर। नवरात्रि के महाअष्टमी पर्व पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के प्रमुख शक्तिपीठों—मां दंतेश्वरी, मां परमेश्वरी और मां चंडी मंदिर—में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-याचना की। इस दौरान उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली, प्रगति और आरोग्य की प्रार्थना की।
कवर्धा की एक सदी से भी अधिक पुरानी और ऐतिहासिक खप्पर परंपरा का हिस्सा बनते हुए उप मुख्यमंत्री ने देर रात निकलने वाली माता काली की खप्पर यात्रा के दर्शन किए। भक्ति रस में सराबोर होकर उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर माता रानी के जसगीत गाए और लोक-आस्था के इस अनुष्ठान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
100 से अधिक वर्षों पुरानी है परंपरा
कवर्धा में महाअष्टमी की रात निकाली जाने वाली खप्पर यात्रा स्थानीय संस्कृति और धार्मिक धरोहर का अभिन्न अंग मानी जाती है। मान्यता है कि नगर की सुख-शांति, समृद्धि और आपदाओं से रक्षा के उद्देश्य से माता काली के स्वरूप में खप्पर धारण कर नगर भ्रमण कराया जाता है। इस आलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए दूर-दराज से भारी संख्या में श्रद्धालु कवर्धा पहुंचते हैं।
युवाओं और श्रद्धालुओं से की मुलाकात
उत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने क्षेत्र के युवाओं एवं दर्शनार्थियों से आत्मीय बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और नवरात्रि की बधाई दी।
















