छत्तीसगढ़

स्वच्छता सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम : रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रपति से राष्ट्रीय पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत राज्य के तीन नगरीय निकायों—रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा—का चयन राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों के लिए किया गया है। यह गौरवपूर्ण सफलता प्रदेशवासियों की सक्रिय सहभागिता, जनजागरूकता और प्रशासनिक समन्वय का प्रतिफल है।

11 नवंबर को नई दिल्ली में सम्मान समारोह

आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में एक भव्य राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जाएगा, जहाँ देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विजेताओं को पुरस्कृत करेंगी। इस आयोजन में देश के सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाले निकायों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगा।

मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री ने व्यक्त की प्रसन्नता

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीनों निकायों की जनता, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नागरिक जागरूकता और प्रशासनिक तत्परता के सामूहिक प्रयासों से ही यह मुकाम हासिल हुआ है। स्वच्छता प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है जिसे इन शहरों ने बखूबी सिद्ध किया है।

वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य के अन्य निकायों को भी स्वच्छता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी। स्वच्छता को एक स्थायी जीवनशैली के रूप में अपनाने पर उन्होंने बल दिया।

सफाई मित्रों का सम्मान बढ़ाएगा मनोबल

इस वर्ष के पुरस्कार समारोह की मुख्य विशेषता यह है कि इसमें धरातल पर निरंतर कार्यरत सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों को भी विशेष रूप से प्राथमिकता व सम्मान दिया जाएगा। पर्दे के पीछे रहकर सेवा देने वाले इन कर्मियों की निष्ठा का सम्मान पूरे प्रदेश के स्वच्छता तंत्र के मनोबल को ऊँचाइयों पर ले जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button