छत्तीसगढ़

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा – सांसद कमलेश जांगड़े

रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड के ग्राम देवरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।

सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के महानायक भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक है। जनजातीय गौरव दिवस उनके संघर्षों और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही उनके आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए हमारे माटी के वीरों ने जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने झारखंड की धरती से जनजातीय समाज का नेतृत्व करते हुए अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष की अलख जगाई और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। भगवान बिरसा मुंडा हमारे गौरवशाली इतिहास के महानायक हैं। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने तथा समाज के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।

30 सामाजिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में जनजातीय समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 30 सामाजिक प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें श्री देवनारायण कंवर, श्रीमती गंगोत्री कंवर, श्री रामकृष्ण बिंझवार, श्री रामभरोस सिदार, श्री कृष्णकुमार राज, श्रीमती संगीता कंवर, श्री प्रदीप कंवर, श्रीमती अनुसुइयां कंवर, कु. ईशा कंवर, कु. डिंपी सिंह एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आयुष कुमार सिदार सहित अन्य प्रतिभाएं शामिल रहीं।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बलौदा की अध्यक्ष श्रीमती शारदा सनत देवांगन, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती उर्मिला निर्मल बिंझवार, जनजातीय समाज के प्रमुख श्री मनमोहन सिंह गोंड़, श्री बी.एस. सिदार, श्रीमती विजय कुंवर मरकाम, श्री राजेन्द्र कंवर, श्री हरेंद्र कंवर, श्रीमती गंगोत्री कंवर, श्री लखन सिंह कंवर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button