छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति भवन में गूंजी छत्तीसगढ़ की लोककला की धमक, 50 बेलमेटल शिल्पकारों ने की राष्ट्रपति से भेंट

बस्तर और रायगढ़ की ढोकरा कला को राष्ट्रीय सम्मान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिल्पकारों से की मुलाकात
रायपुर।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक धातु शिल्पकला को सोमवार को राष्ट्रीय मंच पर विशेष गौरव प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की विशेष इच्छा पर कोंडागांव और रायगढ़ से नई दिल्ली पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों ने उनसे राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। इस भेंट के दौरान छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत तथा बोर्ड के सचिव श्री राजेश सिंह राणा भी मौजूद रहे।

दरअसल, राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड से जुड़े इन पारंपरिक कलाकारों से मिलने की रुचि जताई थी, जिसके बाद यह दल दिल्ली रवाना हुआ था। देश के विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने की राष्ट्रपति भवन की परंपरा के तहत हुई इस मुलाकात ने राज्य के कारीगरों को नई ऊर्जा दी है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर अंचल की बेलमेटल (ढोकरा) कला अपनी अनूठी निर्माण तकनीक और सूक्ष्म कारीगरी के लिए देश-विदेश में विख्यात है। धातु को ढालकर बनाई जाने वाली देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और ग्रामीण जीवन से जुड़ी कलाकृतियों में प्रदेश की आदिम संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलती है। कोंडागांव और रायगढ़ के कारीगर दशकों से इस विरासत को सहेजे हुए हैं। शिल्पकारों की यह दिल्ली यात्रा न केवल उनके पुश्तैनी कौशल का सम्मान है, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम भी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button