डिजिटल मंच से राज्य की छवि संवार रहे युवा, ‘स्टेट क्रिएटर अवॉर्ड्स 2026’ में सीएम साय ने किया संवाद

रायपुर। राजधानी स्थित होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026’ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शिरकत कर प्रदेश के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स का उत्साहवर्धन किया। इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स से पॉडकास्ट की तर्ज पर सीधा संवाद किया और कहा कि आज के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के असली डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपनी कला और कैमरे के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, खान-पान, पर्यटन और बोली-भाषा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।
जनता की वोटिंग से चुने गए विजेता
इस समारोह की खास बात यह रही कि विजेताओं का चयन आम जनता के वोटों के आधार पर किया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, संस्कृति और लाइफस्टाइल जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्रिएटर्स को 16 मुख्य और 46 उप-श्रेणियों में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके साथ सेल्फी भी ली और कहा कि उनके हाथ में मौजूद कैमरा प्रदेश की नई तस्वीर गढ़ने की ताकत रखता है।
पंच से मुख्यमंत्री तक के सफर और किसानों पर चर्चा
युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए श्री साय ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पिता के असमय निधन के बाद कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारी उन पर आ गई थी, जिसने उन्हें जीवन के महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाए। ग्राम पंचायत के पंच से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक की यात्रा में जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है।
खेती-किसानी पर बात करते हुए उन्होंने स्वयं को किसान परिवार का सदस्य बताया और कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है, साथ ही कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी आदान सहायता दी जा रही है।
बस्तर में शांति, स्वास्थ्य और विकास का नया दौर
नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने 31 मार्च 2026 को राज्य के इतिहास का एक निर्णायक मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और सुरक्षाबलों के साहस से नक्सलवाद पर निर्णायक जीत मिली है। अब बस्तर हिंसा के साये से बाहर निकलकर विकास की राह पर है। ‘नियद नेल्लानार’ योजना से सुदूर गांवों में राशन और नेटवर्क पहुंच रहा है। ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच हुई है, वहीं ‘बस्तर मुन्ने’ अभियान से घर-घर जाकर राशन, आधार और जॉब कार्ड बनाए जा रहे हैं।
युवाओं के लिए रोजगार और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का रोडमैप
युवाओं के भविष्य पर चर्चा करते हुए सीएम ने नई औद्योगिक नीति का उल्लेख किया, जिसमें एक हजार रोजगार देने वाले उद्यमियों को विशेष रियायतें दी जा रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 38 नालंदा परिसर, प्रयास विद्यालय और बस्तर के जगारगुंडा व ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ का विजन डॉक्यूमेंट तैयार हो रहा है। देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य होने के साथ-साथ लिथियम, हीरा और कोयले जैसे खनिजों से समृद्ध इस प्रदेश के खनिज राजस्व में 5 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स से आग्रह किया कि वे बस्तर और सरगुजा के अनछुए पर्यटन स्थलों के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों (लखपति दीदियों) के उत्पादों को भी अपने वीडियो के माध्यम से बड़ा बाजार दिलाएं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि तकनीक को अपना गुलाम बनाएं, खुद तकनीक के गुलाम न बनें। साथ ही, उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, खेलकूद अपनाने और परिवार को समय देने का आह्वान किया।
















