छत्तीसगढ़

पारस पोर्टल समीक्षा बैठक: विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने पर जोर, धान रकबा व पेयजल योजनाओं को लेकर सख्त निर्देश

रायपुर। महानदी भवन स्थित मंत्रालय में आयोजित पारस पोर्टल की तीसरी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शासन की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने पूर्व की बैठक में तय बिंदुओं पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय में बेहतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का निर्देश दिया।

धान खरीदी में रकबा की शिकायतों पर कलेक्टर खुद करें पड़ताल

धान खरीदी के दौरान रकबा कम होने को लेकर किसानों की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी किसी भी शिकायत पर कलेक्टर स्वयं जांच करें और उसका जल्द समाधान निकालें, ताकि किसानों को धान बेचने में कोई दिक्कत न आए।

सिटी गैस वितरण: धीमी रफ्तार वाले जिलों पर विशेष ध्यान, सरकारी भवनों में पीएनजी को बढ़ावा

खाद्य विभाग की सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पाइपलाइन के जरिये घरों तक गैस पहुंचाने का काम तेज करने को कहा। उन्होंने बताया कि रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में काम संतोषजनक है, लेकिन कुछ जिलों में गति धीमी है। ऐसे जिलों के कलेक्टरों को व्यक्तिगत रूप से ध्यान देकर काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने एलपीजी के मुकाबले पीएनजी की लागत, सुरक्षा और सुविधा के फायदों का प्रचार करने पर बल दिया। साथ ही जनजातीय छात्रावासों, स्कूलों की सामुदायिक रसोइयों और सर्किट हाउस जैसे सरकारी संस्थानों में भी पीएनजी अपनाने को प्रोत्साहित करने की बात कही।

जल जीवन मिशन व अमृत 2.0 में समयबद्धता और भुगतान पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तहत जल जीवन मिशन को जनहित से जुड़ी अहम योजना बताते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को इसे शीर्ष प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने मासिक समीक्षा के जरिये तय समय में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन ठेकेदारों का काम पूरा हो चुका है, उन्हें समय पर भुगतान किया जाए; अच्छा काम करने वालों को बढ़ावा दें और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई करें।

अमृत 2.0 के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और सीवेज परियोजनाओं की स्थिति जानी तथा इन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश बंसल ने अपने विभाग की परियोजनाओं की प्रगति साझा की।

वन स्वीकृति के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े वन स्वीकृति के अटके मामलों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने वन विभाग को निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक से पहले लंबित प्रक्रिया पूरी की जाए और जरूरी प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियम के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित हो।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के 700 सुधारों का मूल्यांकन और उद्यमियों तक पहुंच

उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार ने जानकारी दी कि प्रदेश में कारोबार को सुगम बनाने के लिए 700 सुधारों को शामिल किया गया है, जिन्हें 25 विभाग लागू कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुधारों के व्यावहारिक असर का नियमित आकलन किया जाए और उद्योग-व्यापार से जुड़े लोगों को इनके लाभों की स्पष्ट जानकारी दी जाए, जिससे निवेश और औद्योगिक माहौल और बेहतर हो सके।

सेवा सेतु व सीएम हेल्पलाइन का प्रचार तथा टीएल बैठकों में नियमित समीक्षा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि घर बैठे सेवाएं मिलें और शिकायतों का सरलता से निपटारा हो।

कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को जमीनी स्थिति परखने और सभी अहम योजनाओं व अभियानों को समय-सीमा (टीएल) बैठकों में रखकर नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की सक्रियता से ही योजनाओं का लाभ सही समय पर लोगों तक पहुंच सकेगा।

बैठक में मुख्य सचिव श्री विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह और विभिन्न विभागों के सचिव व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button