छत्तीसगढ़

जशपुर के बगीचा में बनेंगे पांच बड़े पुल, 16.03 करोड़ रुपये की मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के आदिवासी और दुर्गम अंचलों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए पीएम जनमन योजना के अंतर्गत जशपुर जिले को पांच बड़े पुलों की स्वीकृति मिली है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन निर्माण कार्यों के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय मंजूरी जारी की है।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के 6 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत वर्ष 2026-27 के पहले चरण में प्रदेश के लिए 167 पुल स्वीकृत किए गए हैं। इसी सूची में जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र के पांच पुल शामिल हैं, जिनसे दूरस्थ गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

बगीचा क्षेत्र में कुल 290 मीटर लंबाई के पांच पुल बनेंगे

मंजूर किए गए प्रस्तावों के अनुसार विभिन्न मार्गों के नालों पर पुलों का निर्माण होगा:

डंगरी–दरावाकोना मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबा पुल बनाने के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये स्वीकृत।

जबला–नवापारा मार्ग: नाले पर 30 मीटर लंबा पुल बनाने के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये स्वीकृत।

कमरीमा मंझाटोली–खपरीडीह मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबा पुल बनाने के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये स्वीकृत।

बगीचा–कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: नाले पर 80 मीटर लंबा पुल बनाने के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये स्वीकृत।

कुहापानी–बांसधार मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबा पुल बनाने के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये स्वीकृत।

सालभर सुगम आवागमन से बदलेगी तस्वीर

मानसून के दौरान नालों में उफान आने से ग्रामीणों का संपर्क टूटने की समस्या इन पुलों के बनने से दूर होगी। इससे किसानों को फसल मंडी तक ले जाने, छात्रों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने और बीमार लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी।

संपर्क मार्ग बेहतर होने से क्षेत्र में व्यापार व आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और सरकारी योजनाओं व बुनियादी सेवाओं का लाभ आसानी से दूरस्थ बस्तियों तक पहुंच सकेगा। सभी कार्य तय बजट के भीतर पूरे किए जाएंगे और तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद नियमों के अनुरूप निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button