छत्तीसगढ़

अटके विकास कार्यों को तुरंत शुरू करें, गर्मियों में पेयजल किल्लत पर अफसर होंगे जिम्मेदार : श्याम बिहारी जायसवाल

मनेंद्रगढ़। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री तथा स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में मनेंद्रगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के नगरीय निकायों और विभिन्न निर्माण विभागों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में चिरमिरी नगर निगम, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका के साथ-साथ झगराखण्ड, खोंगापानी, नई लेदरी और जनकपुर नगरीय निकायों में चल रही परियोजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति पर चर्चा हुई। मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम लोगों से जुड़ी योजनाओं और निर्माण कार्यों को तय समय के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

स्वीकृत पर बंद पड़े कार्यों पर नाराजगी, जल्द काम शुरू करने के आदेश

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर चिंता जताई कि कई परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बावजूद उन पर काम शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने डीएमएफ, नालंदा परिसर, विधायक निधि, नगरोत्थान योजना, सौंदर्यीकरण, गौरव पथ, सीसी रोड, कम्पोजिट शेड और वेस्ट टू वैल्यू से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि जो काम अभी शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तुरंत प्रारंभ किया जाए और जो कार्य जारी हैं, उन्हें स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर समय पर पूरा करें।

मंत्री जायसवाल ने विभागवार कार्यों की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए देरी के कारणों और व्यावहारिक दिक्कतों पर भी बात की। उन्होंने दो टूक कहा कि जनहित के कामों में बेवजह की सुस्ती नहीं चलनी चाहिए और हर काम में पारदर्शिता व तय मानकों का पालन होना जरूरी है।

गर्मियों में पानी की कमी हुई तो तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी

आने वाली गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने शहरी क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल व्यवस्था के लिए अभी से तैयारी करने को कहा। उन्होंने सख्त शब्दों में चेतावनी दी कि यदि गर्मियों में पेयजल आपूर्ति बाधित होती है या संकट खड़ा होता है, तो इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने एसईसीएल चिरमिरी, पीएचई विभाग और सभी नगरीय निकायों को आपसी तालमेल से ठोस योजना बनाकर समय रहते काम शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को पीने के पानी की दिक्कत न हो।

शहरी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर

नगरीय निकायों की समीक्षा में पेयजल, अमृत मिशन, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़क, नाली, जल निकासी और शहरी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े कार्यों की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन प्रयासों का मकसद नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है, इसलिए सड़क, नाली, पानी और स्वच्छता जैसी बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं

लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन, पीएचई और नगर तथा ग्राम निवेश सहित अन्य विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि सड़क, पुल, भवन और पेयजल ढांचे के निर्माण में तय गुणवत्ता मानकों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्माण स्थलों का नियमित दौरा करें, तकनीकी जांच कराएं और लगातार निगरानी रखते हुए काम समय पर पूरा करें।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अस्पतालों की व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत और मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की स्थिति देखी गई। मंत्री ने कहा कि मरीजों को इलाज और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए अस्पतालों में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा हुई। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए। अंत में उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करने का आह्वान किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button