जहां कांग्रेस होगी, वहां विकास के बदले विनाश होगा : जेपी नड्डा

रायगढ़। राज्य में पहले चरण का विधानसभा चुनाव 7 नवंबर को है। 20 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग की तैयारी पूरी हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर दूसरे चरण के मतदान से पहले राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का दौरा जारी है। सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पत्थलगांव (जशपुर) तथा लैलूंगा व छाल (रायगढ़) में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
जेपी नड्डा ने बघेल सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जहां कांग्रेस होगी, वहां विकास के बदले विनाश होगा। बघेल सरकार लूट, छलावे, धोखे की सरकार है। हमारा लक्ष्य भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकना है। साफ सुथरी सरकार बनाना है। कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक सिक्के के दो पहलू है।
जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र में जब इनकी सरकार थी तो इन्होंने पनडुब्बी घोटाला किया था। हेलीकॉप्टर घोटाला किया था, कोयला घोटाला किया था। उन्होंने कहा कि न नभ छोड़ा न जल न जमीन कांग्रेस ने तीनों लोकों में भ्रष्टाचार किया। इन्होंने शराबबंदी तो छोड़ो 2160 करोड़ का शराब घोटाला किया। अब तो इन्होंने सत्ता में आने के लिए सट्टेबाजी का घोटाला किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि मोदी के राज में देश आगे बढ़ा। पांचवे नंबर का देश अर्थव्यवस्था में बन चुका है। आने वाले समय में हम तीसरे नबर तक पहुंचेंगे। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सार्वजनिक सभा में शामिल हुए और ढोल बजाया।