छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

उत्तर बस्तर कांकेर: आमाबेड़ा जनचौपाल में 223 आवेदन प्राप्त, निराकरण हेतु अधिकारियों को निर्देश हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

उत्तर बस्तर कांकेर 16 जून 2023 :- अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत आमाबेड़ा में आज क्लस्टर स्तरीय जनचौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें 223 आवेदन प्राप्त हुए, प्राप्त आवेदनों में से 30 आवेदनों का निराकरण किया गया, शेश आवेदनों के निराकरण हेतु समय सीमा दी गई है।

अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अनूप नाग, जिले के कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, अपर कलेक्टर अंतागढ़ बी.एस. उइके तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, एसडीएम विश्वास कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित इस जनचौपाल में क्षेत्र के लोगो ने बड़ी संख्या में भाग लिया। जनचौपाल में 29 हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता पत्र एवं 02 सामुदायिक वन अधिकार पत्र प्रदान किये गये, 10 लोगों को आयुश्मान कार्ड तथा 02 लोगों को राशन कार्ड प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अवसर पर 356 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाकर दवाईयां दी गई।
विधायक अंतागढ़ श्री अनूप नाग ने जनचौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन आपकी समस्याओं को निराकृत करने के लिए संवेदनशील है। आम जनता की समस्याओं को निराकृत करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार जनचौपाल लगाया जा रहा है तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। आज आपके गांव पहुंच कर आपकी समस्या, शिकायतों को निराकृत करने का प्रयास किया जा रहा है। जन चौपाल में जो भी आवेदन प्राप्त होंगे, उसका नियमानुसार निराकरण किया जायेगा। अधिकारी-कर्मचारियों को सेवा भाव से कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का निराकृत करने की समझाइश भी उनके द्वारा दी गईं। क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अब अंतागढ़ से आमाबेड़ा की  सड़क बन चुकी है। आमाबेड़ा से कांकेर सड़क का भी निर्माण किया जा रहा है। आमाबेड़ा में बैंक खोला गया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय भी जल्द शुरू किया जायेगा। भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत गांयता, मांझी लोगों को भी सहायता दी जा रही है। श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से लाभ उठाने के लिए श्रम विभाग में अपना पंजीयन कराने की अपील भी उनके द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा 21 जून को आमाबेड़ा में तथा 26 जून को मातला(ब) में विशेष शिविर लगाया जायेगा, जिसमें श्रम विभाग में पंजीयन, राशन कार्ड व आयुष्मान कार्ड के हितग्राहियों का पंजीयन किया जायेगा, जिन हितग्राहियों ने अभी तक पंजीयन नहीं करवाया है, वे इसका लाभ उठायें। विधायक श्री नाग द्वारा ग्राम बड़ेतेवड़ा में सीसी रोड का निर्माण कराने, 
 ग्राम पंचायत तुमसनार के आश्रित ग्राम राजपुर में मिट्टी सड़क एवं एक नग पाईप की स्वीकृति, आमाबेड़ा के कोर्राम पारा में हैण्डपंप का खनन करवाने की घोषणा किया गया। ग्राम कोलियारी के संदीप पाण्डे को आमाबेड़ा के छात्रावास में रहकर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय में पढ़ाई करने की व्यवस्था किया गया। ग्राम नांगरबेड़ा के सगदु राम सलाम को चेम्पस कृशि अभियांत्रिकी योजना के तहत ट्रेक्टर प्रदाय किया गया। कोलियारी निवासी अमरसिंह उईके के खेत की मरम्मत करने की स्वीकृति भी दी गई तथा आगामी एक सप्ताह के भीतर आमाबेड़ा क्षेत्र के सभी ग्रामों के हैण्डपंपों का निरीक्षण कर बिगड़े हैण्डपंपों को मरम्मत करने के लिए निर्देशित किया गया।
कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने जनचौपाल में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बिना झिझक के अपनी बात रखी, जिसे सुन कर अच्छा लगा। जिला प्रशासन आपकी समस्याओं को निराकृत करने के लिए प्रयासरत है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं से लाभ उठाकर स्वरोजगार-रोजगार से जुड़ें। जिला प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र में भी रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया जायेगा, जिसमें सभी पात्र बेरोजगार युवा शामिल हों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़े। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति अपना आयुश्मान कार्ड बनवाये, इससे गरीब परिवारों को पांच लाख रूपये तक निःशुल्क ईजाल की सुविधा मिलती है। श्रम विभाग में संचालित योजनाओं से भी लाभ उठाने के लिए श्रम पंजीयन कराने की समझाईश दी गई तथा क्षेत्र के बिगड़े हैण्पपों को शीघ्र मरम्मत करने के लिए पीएचई के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया। जनचौपाल को जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुभद्रा सलाम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भवन जैन, अखिलेश चंदेल, किशोर मरकाम तथा ग्राम पंचायत के सरपंच लोकेश बघेल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पंच, पटेल, गांयता, मांझी, मुखिया सहित ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button