बीजापुर मुठभेड़ : छह नक्सली मारे गए, सीएम साय ने सराहा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर ज़िले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) और एसटीएफ (विशेष कार्य बल) की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक छह नक्सलियों को मार गिराया है।
मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
इस बड़ी कामयाबी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों के जवानों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई को ‘लाल आतंक के समूल नाश’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
अंतिम चरण में नक्सलवाद
मुख्यमंत्री साय ने ज़ोर देकर कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में है। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक देश और राज्य से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का जो लक्ष्य रखा गया है, यह कार्रवाई उसी संकल्प की ओर एक निर्णायक कदम है। छत्तीसगढ़ सरकार इस नक्सल उन्मूलन मिशन को पूरी लगन और प्रतिबद्धता से आगे बढ़ा रही है।
















