झारखंड में तापमान 40 के पार, हीट वेव के कहर से बेहाल आमजन
झारखंड में मौसम की बेरहम मार से आमजन परेशान है। मौसम का हाल कुछ ऐसा रहेगा कि 16 अप्रैल तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं जबकि तापमान 40 के पार रहेगा। दिनभर तेज धूप के कारण हीट वेव जैसी स्थिति बनती जा रही है।
राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में गर्मी की तपिश लोगों को सताने लगी है। तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। सुबह 9 बजे से ही धरती तपने लगती है। तपती धूप की वजह से गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। दिनभर तेज धूप के कारण हीट वेव जैसी स्थिति बनती जा रही है।
आमजनों को सतर्क रहने की दी जा रही चेतावनी
बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे के दरम्यान राज्य के करीब एक दर्जन जिलों में तापमान 40 के पार पहुंच चुका है। आमजनों को सचेत व सतर्क रहने की जरुरत है। हालांकि, पूर्वानुमान की माने तो 16 अप्रैल तक राजधानी में आंशिक बादल छा सकते हैं और मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 17 और 18 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
हीटवेव से नाक से खून गिरने की समस्या
वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद कहते हैं कि गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बाहर न निकलें तो स्वास्थ्य के लिए बेहतर होगा। इससे चक्कर आने और नाक से खून गिरने की समस्या हो सकती है। हीटवेव चलने की आशंका है इसलिए लू लग सकता है। लोग घर में रहें और ठंडक प्रदान करने वाली खाद्य सामग्री ही इस्तेमाल में लाएं…।
कुछ ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के मध्य भाग यानि रांची, बोकारो, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग, खूंटी में 16 अप्रैल तक अधिक तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दक्षिणी हिस्से यानि पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर पश्चिमी हिस्से यानि पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर पूर्वी हिस्से याानि देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
प्रकृति से दुश्मनी पड़ रही भारी
प्रदूषण व लापरवाही ने रांची शहर को हिल नहीं, बल्कि हीट स्टेशन के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। पिछले दस दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने तो बढ़ती गर्मी को ले बाकायदा एडवाइजरी भी जारी की है। गर्मी से बचने और बेवजह बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
अभिषेक आनंद कहते हैं कि पठारी हिस्सों में लगातार सिमट रही हरियाली व कंक्रीट के जंगल ने पूरे राज्य को गर्म कर दिया है। प्रदूषण की वजह से राजधानी के आसमान में बादल ठहर नहीं पा रहे हैं और गर्म हवा बादल को धकेल रही है। वहीं शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या और घरों व कार्यालयों में एयरकंडिशन के इस्तेमाल ने प्रकृति की दशा व दिशा बदल दी है। जिसका खामियाजा रांची जैसे जिलों को भी भुगतना पड़ रहा है।
हीट वेव के दौरान इन बातों का रखें ख्याल
बाहर धूप में जाने से बचें, बच्चों को धूप में बाहर खेलने न दें, बाहर निकले तो पर्याप्त मात्रा में जल का सेवन करें, बाजार में साफ्ट और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन करने से बचें, बासी भोजन खाने से बचें, बीच-बीच मे पानी पीते रहें, बाहर जाते समय सावधानी बरतें, अपने साथ पानी रखें, गीले कपड़े से खुद को ठंडा रखें।
झारखंड के जिलों का अधिकतम तापमान
रांची 38.2, बोकारो 39.1 डिग्री, जमशेदपुर 40.4, डाल्टेनगंज 40.8, चाईबासा 40.4, देवघर 39.3, गिरिडीह 37.6, गढ़वा 40, रामगढ़ 38.3, सिमडेगा 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कुछ ऐसा रहेगा तापमान : 14 अप्रैल – अधिकतम 39 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस, 15 अप्रैल – अधिकतम 39 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस, 16 अप्रैल – अधिकतम 39 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस, 17 अप्रैल – अधिकतम 40 व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस।
















