छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती को लेकर सख्त हुए सीएम साय, दोषियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग, रायगढ़ और बलरामपुर जैसे जिलों में अफीम की अवैध खेती के मामले प्रकाश में आने के बाद राज्य सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्रदेश में किसी भी सूरत में नशीली फसलों की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रसूखदारों को भी नहीं बख्शेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अफीम की अवैध खेती करने वाले चाहे कितने भी प्रभावशाली या रसूखदार क्यों न हों, सरकार उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाएगी। सीएम ने बताया कि दुर्ग में मामला सामने आने के तुरंत बाद ही सभी जिला कलेक्टरों को विशेष निर्देश जारी कर दिए गए थे। प्रशासन द्वारा संदिग्ध इलाकों की पहचान कर वहां पुलिसिया कार्रवाई भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्वयं कलेक्टरों के साथ बैठक कर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और उसी के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।
विदेश नीति को लेकर विपक्ष को करारा जवाब
अफीम के मुद्दे के साथ-साथ सीएम साय ने केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर उठ रहे विपक्ष के सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक सशक्त नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि भारत की विदेश नीति पूरी तरह से सफल और प्रभावी है। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का कद बढ़ा है और देश के लिए ऊर्जा (गैस और तेल) की आपूर्ति पहले से अधिक सुगम और सरल हुई है।
















