छत्तीसगढ़ को मिलीं 61 नई एमडी-एमएस पीजी सीटें

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने राज्य के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमडी-एमएस (पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल) पाठ्यक्रम के लिए 61 नई सीटों को मंजूरी दे दी है। इस नई स्वीकृति के बाद, राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की कुल संख्या 316 से बढ़कर 377 हो गई है। इसके अतिरिक्त, निजी चिकित्सा महाविद्यालयों में 186 सीटें पहले से ही उपलब्ध हैं।
चिकित्सा शिक्षा विभाग की आयुक्त, श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि इन अतिरिक्त सीटों से राज्य की चिकित्सा शिक्षा प्रणाली को और मजबूती मिलेगी तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। इसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा, क्योंकि सरकारी अस्पतालों में बेहतर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताई खुशी
राज्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री, श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस महत्वपूर्ण कदम पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह एक ऐतिहासिक पहल है। नई पीजी सीटें स्वीकृत होने से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और जनता तक उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संभव होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
दूरगामी प्रभाव
राज्य सरकार का मानना है कि इन नई सीटों से न सिर्फ चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ सेवाएं भी अधिक आसानी से उपलब्ध होंगी। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और जनसुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की सरकार के निरंतर प्रयासों को और अधिक गति देगी।
















