छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवकों को दीपावली से पहले वेतन भुगतान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली के अवसर पर राज्य के शासकीय कर्मचारियों को एक बड़ा उपहार दिया है। राज्य कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन एडवांस में दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की खुशियों में कोई कमी न आए, इसलिए अक्टूबर महीने का वेतन 17 और 18 अक्टूबर को ही अग्रिम रूप से भुगतान किया जाएगा। इस प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए राज्य के सभी कोषालय और उप कोषालय 18 अक्टूबर (अवकाश के दिन भी) खुले रहेंगे।
सीएम साय ने दी सोशल मीडिया पर जानकारी
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्वीट करके इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि यह फैसला कर्मचारियों के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण को देखते हुए लिया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को केवल एक तंत्र नहीं, बल्कि कर्मठ साथियों का परिवार मानती है जो पूरी लगन से जनता की सेवा में लगे हैं। दीपावली से पूर्व वेतन का यह अग्रिम भुगतान उसी आत्मीयता का प्रतीक है।
त्योहार पर आर्थिक ऊर्जा का संचार
सीएम साय ने आगे बताया कि एडवांस वेतन भुगतान की इस प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए ही सभी कोषालय और उपकोषालय 18 अक्टूबर को भी खुले रहेंगे, ताकि किसी भी कर्मचारी को वेतन मिलने में कोई परेशानी न हो।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल न केवल कर्मचारियों के घरों में सुख, समृद्धि और दीपोत्सव की रौनक बढ़ाएगी, बल्कि यह बाजारों में भी नई चहल-पहल और आर्थिक ऊर्जा का संचार करेगी। इससे स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी सीधा लाभ मिलेगा और पूरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था में उत्सव का उल्लास फैल जाएगा। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि शासन का हर फैसला अपने कर्मठ साथियों की खुशियों और सम्मान से जुड़ा है।
















