छत्तीसगढ़ रेल अलर्ट : चौथी लाइन के काम से 10 ट्रेनें रद्द, देखें पूरी सूची

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों के लिए आने वाले दिन थोड़े चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में विकास कार्यों के चलते रेल यातायात प्रभावित रहने वाला है। बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन को जोड़ने और जांजगीर-नैला स्टेशन पर ऑटो सिग्नलिंग के लिए ‘नॉन-इंटरलॉकिंग’ का काम किया जाएगा। इस तकनीकी सुधार की वजह से रेलवे ने 10 ट्रेनों को रद्द करने और कुछ के रूट में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
रद्द होने वाली ट्रेनों की सूची (11 से 27 अप्रैल 2026 तक)
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, निम्नलिखित मेमू और पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर नहीं चलेंगी:
बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू (68738/68737): 16 से 27 अप्रैल तक रद्द।
रायगढ़-बिलासपुर मेमू (68735): 16 से 27 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर-रायगढ़ मेमू (68736): 15 से 26 अप्रैल तक रद्द।
रायपुर-गेवरा रोड-रायपुर मेमू (68746/68745): 15/16 से 26/27 अप्रैल तक रद्द।
रायपुर-कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58204/58203): 15/16 से 26/27 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68734/68733): 16 से 27 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू (68732/68731): 16 से 27 अप्रैल तक रद्द।
बिलासपुर-गेवरा रोड पैसेंजर (58210): 11 से 25 अप्रैल तक रद्द।
गंतव्य से पहले समाप्त होने वाली ट्रेनें (Short Termination)
कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित स्टेशन से पहले ही रोक दिया जाएगा:
गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर (68861): 16 से 27 अप्रैल तक यह ट्रेन बिलासपुर में ही समाप्त हो जाएगी (बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच नहीं चलेगी)।
झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर (68862): 16 से 27 अप्रैल तक यह झारसुगुड़ा के बजाय बिलासपुर से अपनी यात्रा शुरू करेगी।
यात्रियों के लिए राहत की खबर
विशेष व्यवस्था: ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249 और 18252/18251) को कोरबा और बिलासपुर के बीच 16 से 27 अप्रैल तक पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला किया है। इससे स्थानीय यात्रियों को आवाजाही में मदद मिलेगी।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे स्टेशन निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ नंबर से अपनी ट्रेन की स्थिति दोबारा जाँच लें।
















