छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में भाजपा के दो दर्जन प्रत्याशियों का ऐलान जल्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल हाेने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने एक और सूची लाने की तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार काे दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक संभावित है। इस बैठक के बाद एक-दो दिनों में दूसरी सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है। इस बार की सूची में दो दर्जन प्रत्याशियों का ऐलान संभव है। इसी के साथ भाजपा की ज्यादातर प्रत्याशियों का ऐलान इसी माह करने की भी तैयारी है।

प्रत्याशियों को लेकर मंथन हो गया है और सभी विधानसभाओं के दावेदारों के नामों का पैनल भी राष्ट्रीय संगठन को दे दिया गया है। अब फैसला दिल्ली से होना है।

भाजपा ने कांग्रेस की पहली सूची जारी होने से पहले ही अपनी दूसरी सूची जारी करने की तैयारी की है।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगने के तीन माह पहले ही 21 विधानसभाओं के प्रत्याशी घोषित करके सबको चौंका दिया है। इन 21 सीटों में से 19 सीटें ऐसी हैं जहां पर भाजपा दो बार या इससे ज्यादा बार नहीं जीत सकी है। इसी के साथ मरवाही और खरसिया की सीट ऐसी है, जहां पर भाजपा को कभी जीत नहीं मिली है।

इसी के साथ सीतापुर, कोंटा, कोटा और पाली तानाखार की सीटें भी ऐसी हैं, जहां पर भाजपा का जीत का खाता नहीं खुला है। इन चार सीटों के साथ करीब और डेढ़ दर्जन से ज्यादा सीटों पर भी भाजपा के प्रत्याशियों का ऐलान जल्द हाेगा। कांग्रेस अपनी पहली सूची का सितंबर में ऐलान करने वाली है। इसके पहले भाजपा अपनी दूसरी सूची लाने की तैयारी में है।

सर्वे और पर्यवेक्षक भेजकर जुटाई जानकारी

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने छत्तीसगढ़ की एक-एक विधानसभा की पूरी जानकारी जुटाने का काम किया है। इसके लिए जहां राष्ट्रीय संगठन ने अपने स्तर पर दो सर्वे करवाएं, वहीं अमित शाह की टीम ने अलग से सर्वे किया। इसी के साथ आईबी की टीम ने भी एक सर्वे किया। इसके अलावा प्रदेश संगठन का भी एक सर्वे हुआ है। सारे सर्वे के बाद 21 विधानसभाओं को छोड़कर बाकी में पर्यवेक्षक भी भेजे गए और उनकी रिपोर्ट भी ली गई है। इसी आधार पर ही अब फैसला किया जाएगा।

प्रदेश में लगातार बैठकें

प्रत्याशियों और चुनावी तैयारी को लेकर प्रदेश में लगातार बैठकें हो रही हैं। दाे दिन पहले ही यहां से भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और केंद्रीय मंत्री अमित शाह बैठकें लेकर वापस लौटे हैं। इसके बाद एत दिन पहले मनसुख मंडाविया वापस रायपुर लौटे और ठाकरे परिसर में प्रदेश के सहप्रभारी नितिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और अन्य महामंत्रियों के साथ बैठक की। यह बैठक प्रत्याशियों के चयन को लेकर ही की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button