छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को भाजपा और कांग्रेस ने लूटा : मुख्यमंत्री केजरीवाल

बिलासपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पहुंचे। बिलासपुर में आयोजित आमसभा में उन्होंने कहा कि भगवान ने छत्तीसगढ़ को देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कोयला, लोहा हर खनिज संपदा है यहं पर। बस केवल एक कमी की, ईमानदार नेता, ईमानदार पार्टी नहीं दी। छत्तीसगढ़ आज भ्रष्टाचार के नाम से जानी जाती है। भाजपा को मौका मिला तो उन्होंने लूटा, कांग्रेस वालों को मौका मिला तो उन्होंने लूटा।

साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में केजरीवाल ने कहा कि, अगर छत्तीसगढ़ में ईमानदार नेता होते तो 20 साल के भीतर एक एक आदमी अमीर बन जाता। गांव-गांव में अस्पताल और स्कूल खुल जाते। अगर भाजपा और कांग्रेस के नेता ईमानदार होते तो आप की सभा में एक भी आदमी नहीं आता। पंजाब के सीएम के साथ पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि, भगवंत मान ने एक साल में पंजाब में 24 घंटे बिजली कर दी। दिल्ली ने 24 घंटे बिजली कर दी। छत्तीसगढ़ में आठ घंटे बिजली कट रही है। यहां बिजली नहीं, सिर्फ बिल आता है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि, मोदी बोलते हैं केजरीवाल फ्री की रेवड़ी बांट रहा है। हां मैं बांट रहा हूं, मोदी के लोग तो खुद खा लेते हैं। मैंने स्कूल, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं का सफर मुफ्त किया। हर दिल्ली वाले के हाथ में सात रेवड़ी फ्री में रख दी। जनता को फ्री में बिजली दे दी। पूरी दिल्ली में शानदार स्कूल बना दिए। अच्छी और फ्री शिक्षा की व्यवस्था की। पूरी दिल्ली के लिए अच्छे और मुफ्त इलाज की व्यवस्था की। मोहल्ला क्लीनिक बनाए। बसों में महिलाओं का सफर फ्री किया। दिल्ली के बुजुर्गों को फ्री तीर्थयात्रा कराई जाती है।

दिल्ली में 12 लाख, पंजाब में 30 हजार बच्चों को रोजगार मिला

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली में बेरोजगार बच्चों को रोजगार दिया। दावा किया कि 12 लाख बच्चों को रोजगार मिला है। पंजाब में 30 हजार बच्चों को सरकारी नौकरी दी गई। पंजाग में तीन लाख बच्चों को रोजगार मिला। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, देश को सब कुछ मिला, लेकिन सरकार चलाने वाले नेता नहीं मिले। हम लोग इसी मकसद से छत्तीसगढ़ आए हैं। हमारे पास पैसा नहीं है, गुंडे नहीं है। ये झूठे वादे करते हैं और हम गारंटी देते हैं।

बिलासपुर की 24 में से 13 सीटें कांग्रेस के पास

बिलासपुर संभाग की 24 सीटों पर आम आदमी पार्टी की नजर है। जिसमें 13 सीटों पर कांग्रेस काबिज है। सात सीटों पर भाजपा तो वहीं दो सीट पर बहुजन समाजवादी पार्टी और एक सीट पर जोगी कांग्रेस का कब्जा है। राज्य की दोनों ही प्रमुख पार्टियों के साथ तीसरे विपक्ष के रूप में उभरी आम आदमी पार्टी की नजर बिलासपुर संभाग पर है। ऐसे में आम आदमी पार्टी अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहारे जनता के बीच पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रही है। जिससे आने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button