भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत से डटे रहें, स्वर्गीय रतन दुबे के परिवार के साथ खड़े हैए हम निश्चित ही नक्सलवाद का सफाई करेंगे : ओम माथुर

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, बस्तर प्रभारी संतोष पांडेय, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने नारायणपुर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं चुनाव संयोजक रतन दुबे की टारगेट किलिंग की घोर निंदा करते हुए लोकतंत्र के लिए शहीद हुए रतन दुबे को विनम्र श्रध्दांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि भाजपा उनके परिवार के साथ है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं माथुर ने कहा कि नक्सलियों को लग रहा है कि भाजपा आएगी तो उनका सफाया होगा, इसीलिए वह इसमें रोड़ा अटकाने का प्रयास कर रहे हैं, कार्यकर्ता पूरी ताकत से डटे रहें भारतीय जनता पार्टी स्वर्गीय रतन दुबे के परिवार के साथ खड़ी है हम निश्चित ही नक्सलवाद का सफाई करेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पूरे देश में नक्सली हिंसा सिमट चुकी है लेकिन छत्तीसगढ़ में वनांचल में कांग्रेस सरकार की सोची समझी साजिश के तहत अंकुश नहीं लगाया गया है ताकि चुनाव में नक्सली हिंसा का तांडव कराकर चुनाव को प्रभावित किया जा सके भय का माहौल बनाया जा सके और भाजपा को सत्ता में आने से रोका जा सके। यह षड़यंत्रकारी सरकार यह जान ले कि भाजपा संघर्षों के गर्भ से उत्पन्न हुई है। हमारा कार्यकर्ता किसी भी षड़यंत्र का मुकाबला करने में सक्षम है। हमारा कार्यकर्ता जान की बाजी लगाकर लोकतंत्र की स्थापना के लिए काम कर रहे है और इसी जिम्मेदारी को निभाते हुए रतन दुबे ने शहादत दी है उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस जनता द्वारा ठुकराई जा रही है। भ्रष्टाचार की कालिख से पुती कांग्रेस सरकार अंतिम सांसे गिन रही है जिस तरह दिया बुझने से पहले भभकता है उसी तरह इस प्रकार की नक्सली हिंसा सामने लाई जा रही है। अब तब हमारे जितने नेताओं कार्यकर्ताओं की हत्या षड़यंत्रपूर्वक करायी गई है हम उनकी पुण्य आत्मा को साक्षी मानकर संकल्प लेते है कि भाजपा की सरकार बनते ही नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा और नक्सलियों के राजनीतिक रिश्तेदारों की भूमिका बेनकाब करके उन्हें भी कानून के हवाले किया जाएगा।
भाजपा ने अपने शहीद कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए कहा कि 16 जनवरी को कांकेर में भाजपा नेता बुधराम करटाम की संदिग्ध मौत हुई थी। 5 फरवरी को बीजापुर जिले के भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम की नक्सलियों ने शादी समारोह में जाकर हत्या कर दी थी। 10 फरवरी को नारायणपुर जिला के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की नक्सलियों ने घर में घुसकर हत्या कर दी। 11 फरवरी को दंतेवाड़ा के पूर्व उपसरपंच रामधर अलामी की हत्या नक्सलियों ने की। 21 जून नक्सलियों ने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री काका अर्जुन की गला रेतकर हत्या कर दी। 21 अगस्त को भाजपा नेता महेश गोटा को अगवा कर लिया गया था। 18 अगस्त को बीजापुर जिले के चिन्नागेलुर निवासी रामा पूनेम की नक्सलियों ने हत्या की। 20 अक्टूबर को मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता बिरजु तारम की हत्या की गई और आज नारायणपुर में जिला उपाध्यक्ष और चुनाव संयोजक रतन दुबे की हत्या इस बात का खुला प्रमाण है कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए चुन-चुन कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है।