छत्तीसगढ़
Trending

बृजमोहन बोले- शराबबंदी कहकर अवैध कमाई की, वादाखिलाफी का लगाया आरोप

रायपुर। पिछले चुनावी साल में कांग्रेस के किए वादे अब इस चुनावी साल में सिर दर्द बन रहे हैं। जो वादे पूरे नहीं हो सके उनके खिलाफ कई सामाजिक, कर्मचारी और राजनीतिक संगठन कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा ने भी अब इस मामले में कांग्रेस को घेरने का अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा के दिग्गज नेताओं के बयान सामने आए। बृजमोहन अग्रवाल और धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस को इन्हीं मुद्दों पर घेरा।

विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- कांग्रेस ने शराबबंदी का वादा किया था अब शराब की अवैध कमाई की लत लग गई। मुझे रहजनों से गिला नहीं, तेरी रहबरी पे सवाल है। प्रदेश सरकार के मंत्री मो अकबर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर कहा कि हाथ में गंगाजल लेकर हमने किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, शराबबंदी का नहीं। इस पर अग्रवाल ने कहा- बच्चा बच्चा जानता है कि किस तरह इन्होंने गंगाजल हाथ में लेकर सारे वादे किए थे। बृजमोहन ने मंत्री अकबर पर भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया।

गंगाजल हमारी संस्कृति का हिस्सा है, मो. अकबर को कभी गंगाजल की पवित्रता की समझ नहीं हो सकती। वे कम से कम इस मामले में दखल देकर हमारी भावनाओं को आहत न करें। बृजमोहन अग्रवाल ने आगे कहा- रोज नई बयानबाजी, रोज नये बहाने कर कांग्रेस अपना पाप ढंक नहीं सकती। कभी कहते हैं कि बेरोजग़ारी भत्ता की बात नहीं की थी, कभी कह रहे हैं शराबबंदी का वादा नहीं किया था। यह सरकार छत्तीसगढिय़ों को क्या समझती है, वही जाने।

छत्तीसगढ़ को हड़तालगढ़ बना दिया है – कौशिक
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सत्ता पाने के लिए प्रदेश के हर वर्गों को धोखे में रखकर पवित्र गंगाजल की झूठी कसम खाकर सत्ता में आई है। प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी का खामियाजा प्रदेश की जनता बेवजह भुगत रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के कई कर्मचारी संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत है। कर्मचारी संगठनों की मांग जायज है, क्योंकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने किए वादों के अनुसार अभी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों की हड़ताल में चले जाने से प्रदेश की जनता पूरी तरह परेशान है। कांग्रेस की वादाखिलाफी के कारण छत्तीसगढ़ आज हड़तालगढ़ बन गया है।

चुनाव जीतने के बाद 10 दिनों में कर्ज माफ करने का वादा करने वाली कांग्रेस ने न तो पूरा कर्ज माफ किया, ना ही किसानों को पिछले 3 वर्षों का धान का बोनस दिया। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ते देने का वादा करके बेरोजगारी भत्ता देने में भी बेतुके नियम बनाए ताकि युवाओं को बेरोजगारी भत्ता ना मिल सके। ठीक इसी तरह कर्मचारियों का डीए और एचआरए केंद्र सरकार की तरह नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण कर्मचारी संगठन हड़ताल करने को मजबूर हो गए हैं। मोहम्मद अकबर का बयान आते ही पूरी भाजपा ने कांग्रेस को घेरा।

मोहम्मद अकबर ने क्या कहा था
कांग्रेस प्रवक्ता और मंत्री मोहम्मद अकबर ने शराबबंदी के मामले में भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। सोमवार को उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, शराबबंदी के लिए नहीं।

अकबर ने कहा कि 15 साल तक भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री रहे डॉ. रमन सिंह ने भी शराबबंदी का ऐलान किया था जिसे पूरा नहीं किया। भाजपा के पास झूठ के अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने विधानसभा चुनाव के समय प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो जारी कर कहा कि इसमें साफ दिख रहा है कि हाथ में गंगाजल लेकर कहा गया था कि सरकार बनने पर दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button